समाधान भारत शिमला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार द्वारा ग्रामीण भारत के विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से लागू किए गए विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) – वीबी-जी राम जी अधिनियम, 2025 को भाजपा ने एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताया है। इसी क्रम में वीरवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में इस योजना को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को योजना की रूपरेखा, उद्देश्य और क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। रेखा वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वीबी-जी राम जी योजना केवल ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रोजगार को स्थायी आजीविका, मजबूत आधारभूत ढांचे और समग्र ग्रामीण विकास से जोड़ने का एक ठोस और परिणामोन्मुखी मॉडल है। उन्होंने कहा कि इस योजना के लागू होने से गांवों में टिकाऊ विकास को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार की तलाश में होने वाले पलायन पर भी प्रभावी रोक लगेगी। उन्होंने इसे “विकसित भारत” की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि आज़ादी के बाद से देश में ग्रामीण रोजगार को लेकर कई योजनाएं चलाई गईं। वर्ष 1960–61 में शुरू हुए रूरल मैनपावर प्रोग्राम से लेकर वर्ष 2005 में लागू हुई मनरेगा तक अनेक प्रयास किए गए, लेकिन समय के साथ सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियां बदलीं और जमीनी अनुभवों से यह महसूस हुआ कि ग्रामीण रोजगार के लिए एक नई, अधिक प्रभावी और विकास आधारित व्यवस्था की आवश्यकता है। इसी आवश्यकता के तहत वीबी-जी राम जी अधिनियम को संसद के शीतकालीन सत्र में पारित किया गया। रेखा वर्मा ने कहा कि यह अधिनियम पारदर्शिता, जवाबदेही और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के साथ-साथ कौशल विकास, संसाधनों का बेहतर उपयोग और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे इस योजना की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाएं, ताकि इसका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना ग्रामीण भारत को सशक्त बनाने और देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक मजबूत आधार साबित होगी।



