समाधान भारत शिमला दिल्ली से पांवटा साहिब की ओर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस में यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाली गंभीर घटना सामने आई है। बस में सफर कर रहे जिला सिरमौर के गांव दुगाना निवासी किसान व ट्रांसपोर्टर बलबीर पुंडीर को एक अज्ञात शातिर ने नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। पीड़ित के बेहोश होते ही आरोपी ने उसके पास मौजूद लाखों रुपये की नकदी और अन्य कीमती सामान चुरा लिया और मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि बस जयपुर से चलकर दिल्ली होते हुए पांवटा साहिब आ रही थी और इसी दौरान वारदात को अंजाम दिया गया। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब बस स्टाफ ने किसान को नशे में होने का अंदेशा मानते हुए रात करीब 10 बजे बस स्टैंड पर उतार दिया। ठंड भरी रात में पीड़ित कई घंटों तक बेहोशी की हालत में पड़ा रहा। सुबह लगभग 6 बजे होश आने पर उसने किसी तरह अपने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसे तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई है।
यह भी पढ़े :-https://samadhaanbharat.com/major-accidentchamba-pickup-vehiclethree-people-loslives/
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है, बस में लगे सीसीटीवी फुटेज और यात्रियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने लंबी दूरी की बस यात्राओं में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



