Thursday, February 19, 2026
Google search engine
HomeHimachal Pradeshहिमाचल में बढ़ी सर्दी की मार, 20 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5...

हिमाचल में बढ़ी सर्दी की मार, 20 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे।

समाधान भारत शिमला हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का असर लगातार गहराता जा रहा है और पूरे राज्य में कड़ाके की ठंड लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रही है। बीते कुछ दिनों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे पहाड़ी से लेकर मैदानी इलाकों तक ठिठुरन बढ़ गई है। चंबा और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हुई ताजा बर्फबारी के बाद ठंड ने और जोर पकड़ लिया है। प्रदेश के लगभग 20 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जिनमें से पांच स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया। सोलन का न्यूनतम तापमान भी माइनस में पहुंच गया है, जबकि राजधानी शिमला में रात का पारा लगातार गिर रहा है। लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 10.2 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, वहीं कुकुमसेरी में यह माइनस 6.7 डिग्री सेल्सियस रहा। किन्नौर जिले के पूह क्षेत्र में स्थित नाको झील पूरी तरह जम चुकी है, जहां सैलानी जमी हुई झील पर स्केटिंग का आनंद ले रहे हैं। चंबा जिले के किलाड़ और आसपास के ऊपरी गांवों—चस्क, सुराल, परमार भटौरी और हुडान—में अच्छी बर्फबारी दर्ज की गई है। इसके अलावा रोहतांग दर्रा, कोकसर, सिस्सू और अटल टनल रोहतांग के आसपास भी देर शाम से बर्फबारी का सिलसिला शुरू हुआ, जबकि कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी की ऊंची चोटियों पर भी बर्फ गिरने की खबर है।

यह भी पढ़े:-https://samadhaanbharat.com/himachal-university-approvestechnical-courses/

उधर, मैदानी राज्यों में घने कोहरे का असर यातायात पर साफ नजर आया। कोहरे के कारण रविवार को वंदे भारत एक्सप्रेस नई दिल्ली से ऊना करीब आधा घंटा देरी से पहुंची। हिमाचल के मैदानी इलाकों में भी सुबह और शाम के समय कोहरा छाया रहा। कालाअंब, पांवटा साहिब और नाहन क्षेत्रों में सुबह के समय दृश्यता काफी कम रही, जबकि कांगड़ा जिले में धुंध छाई रही। सुंदरनगर में घना और मंडी में मध्यम स्तर का कोहरा दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कुछ उच्च पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। इसके बाद 11 जनवरी तक प्रदेश में मौसम के साफ रहने का अनुमान है। फिलहाल राजधानी शिमला समेत कई क्षेत्रों में दिन के समय धूप खिली हुई है। आने वाले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद अगले तीन से चार दिनों में तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। वहीं, ऊंची चोटियों को छोड़कर राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है, जबकि मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक दिन का तापमान कुछ हद तक गिरा रह सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
iice computer education

Most Popular

Recent Comments