समाधान भारत शिमला धर्मशाला एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के रोमांच का केंद्र बनने जा रहा है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रही टी-20 सीरीज का तीसरा मुकाबला 14 दिसंबर को यहां खेला जाना है, जिसे लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। सीरीज में एक–एक मैच जीतने के बाद यह तीसरा मैच निर्णायक बनने की ओर बढ़ रहा है। दूसरे टी-20 में हार के बाद भारतीय टीम अब धर्मशाला में वापसी कर बढ़त बनाने की कोशिश करेगी, जबकि दक्षिण अफ्रीका इस मैच को जीतकर सीरीज में अपना दबदबा कायम रखना चाहेगी। शुक्रवार दोपहर बाद दोनों टीमें धर्मशाला पहुंचेंगी। भारतीय टीम कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में दोपहर 12:40 बजे गगल हवाई अड्डे पर उतरेगी। टीम के स्वागत के लिए सुरक्षा एजेंसियों और एचपीसीए के अधिकारियों ने तैयारी पूरी कर ली है। इसके बाद खिलाड़ियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में रेडिसन ब्लू होटल, कंडी ले जाया जाएगा, जहां उनके ठहरने और अभ्यास की पूरी व्यवस्था पहले से की जा चुकी है। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका की टीम अपराह्न 3:25 बजे गगल एयरपोर्ट पहुंचेगी। दोनों टीमों के आगमन के दौरान आम लोगों की आवाजाही को सीमित रखा जाएगा, ताकि किसी तरह की सुरक्षा चूक न हो।
यह भी पढ़े :-https://samadhaanbharat.com/civil-postselectricity-boardhimachal-transferreddepartment/
खिलाड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए होटल परिसर में किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। टीमों का शेड्यूल गोपनीय रखा गया है तथा सभी गतिविधियाँ सुरक्षा घेरे में आयोजित होंगी। धर्मशाला के दर्शक इस रोमांचक मुकाबले को लेकर बेहद उत्साहित हैं और टिकटों का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि ऑफलाइन टिकट काउंटर गुरुवार को तकनीकी कारणों से नहीं खुल सका। टिकट बेचने वाली कंपनी के लगभग 1,500 टिकट अभी धर्मशाला नहीं पहुंच पाए, जिस कारण काउंटर खोलना संभव नहीं हुआ। मगर उम्मीद की जा रही है कि शुक्रवार को ऑफलाइन टिकट काउंटर खोल दिए जाएंगे। दर्शकों को 1500 रुपये मूल्य वाले टिकट मिलने की संभावना है, जिससे स्टेडियम में बड़ी संख्या में भीड़ जुटने की उम्मीद है। दर्शक लंबे समय से इस मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और मान रहे हैं कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह मुकाबला सीरीज को नया मोड़ देगा। धर्मशाला की खूबसूरत वादियों में क्रिकेट का रोमांच एक बार फिर चरम पर होगा और प्रशंसक उम्मीद कर रहे हैं कि दोनों टीमें शानदार प्रदर्शन करेंगी और दर्शकों को एक यादगार मैच देखने को मिलेगा।



