समाधान भारत:- हिमाचल प्रदेश के शीतकालीन छुट्टियों वाले स्कूलों में 27 नवंबर से छठी और सातवीं कक्षा की असेसमेंट परीक्षाएं शुरू होंगी। पहली, दूसरी और चौथी कक्षा की परीक्षाएं एक दिसंबर से आयोजित की जाएंगी। समग्र शिक्षा परियोजना के राज्य परियोजना कार्यालय ने परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। इन कक्षाओं में किसी भी विद्यार्थी को फेल नहीं किया जाएगा और असेसमेंट परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर वार्षिक ग्रेडिंग तैयार की जाएगी।
यह भी पढ़े:-शिमला के फागली जंगल में 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी, पुलिस ने शुरू की जांच।
सभी परीक्षा केंद्रों में सुबह साढ़े दस बजे से परीक्षा शुरू होगी और ढाई घंटे की परीक्षा दोपहर एक बजे तक चलेगी। परीक्षाओं को सुचारु रूप से करवाने के लिए सभी जिला उपनिदेशकों को आदेश जारी कर दिए गए हैं। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों विद्यार्थी इन परीक्षाओं में शामिल होंगे। परीक्षा परिणाम ई-संवाद एप पर अपलोड किए जाएंगे और 31 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। नया शैक्षणिक सत्र फरवरी 2026 से शीतकालीन स्कूलों में शुरू होगा। इन परीक्षाओं का आयोजन प्रदेश के सभी सरकारी और स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्ध निजी स्कूलों में किया जाएगा।



