समांधान भारत:-पेंशन वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश प्रधान सुरेश ठाकुर के आह्वान पर पेंशनर अपनी लंबित मांगों को लेकर 28 नवंबर को धर्मशाला के तपोवन में प्रदर्शन करेंगे और विधानसभा का घेराव करेंगे। एसोसिएशन के खंड नगरोटा सूरियां प्रधान गुरदेव भारती ने बताया कि नगरोटा सूरियां से लगभग सौ पेंशनर इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। खंड नगरोटा सूरियां की बैठक मंगलवार को प्रधान गुरदेव भारती की अध्यक्षता में हुई, जिसमें सभी पेंशनरों ने सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया। उनका कहना था कि मंत्रियों और विधायकों ने अपने वेतन और भत्ते बढ़ा लिए, जबकि कर्मचारियों और पेंशनरों की बकाया देनदारियों का भुगतान वित्तीय संकट का हवाला देकर टाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी पेंशनर अपनी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिल चुके हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।
यह भी पढ़े:-HPU में SFI की वॉल पेंटिंग पर काला रंग पोतने का आरोप, ABVP की कार्रवाई को लेकर विवाद तेज।
पेंशनरों ने याद दिलाया कि हाल ही में 18 संगठनों के पेंशनरों और कर्मचारियों ने धर्मशाला में बकाया देनदारियों के विरोध में रैली निकाली थी। अब 28 नवंबर को वे तपोवन में रोष रैली निकालेंगे और विधानसभा सत्र का घेराव करेंगे। बैठक में महासचिव सुभाषना भारती ने मंच का संचालन किया। इस अवसर पर मुख्य संरक्षक पीसी विश्वकर्मा, वित्तसचिव रामपाल धीमान, वरिष्ठ उपप्रधान करतार सिंह, उपप्रधान सुदर्शन कुमार, संगठन सचिव पूर्ण चन्द समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।



