Wednesday, April 1, 2026
Google search engine
HomeHimachal Pradeshराज्य के 12 इलाकों में पारा 5 डिग्री से नीचे, जनजातीय क्षेत्रों...

राज्य के 12 इलाकों में पारा 5 डिग्री से नीचे, जनजातीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड।

समाधान भारत शिमला हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है और पहाड़ी से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक कड़ाके की ठंड लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रही है। राज्य के कम से कम 12 स्थानों पर रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है, जबकि जनजातीय इलाकों में ठंड और भी ज्यादा तीखी बनी हुई है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 13.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। इसी तरह कल्पा और ताबो में भी तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है, वहीं पर्यटन नगरी मनाली में पारा शून्य डिग्री के आसपास रहा। ठंड के चलते सुबह और रात के समय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि शुक्रवार को राजधानी शिमला सहित राज्य के कई हिस्सों में दिन के समय धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली। शिमला में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुंदरनगर, भुंतर, धर्मशाला, मंडी और कांगड़ा सहित अन्य क्षेत्रों में भी पारा सामान्य से नीचे बना हुआ है। ऊना, नाहन और पांवटा साहिब जैसे निचले इलाकों में अपेक्षाकृत तापमान थोड़ा अधिक रहा, लेकिन वहां भी सुबह-शाम ठंड का असर साफ तौर पर देखा गया। ठंड बढ़ने से लोगों ने अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है, वहीं पहाड़ी इलाकों में जल स्रोतों और पाइपों के जमने की समस्या भी सामने आ रही है।

यह भी पढ़े:-https://samadhaanbharat.com/himachal-government-pressureslok-bhavanroposaspecial-session/

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। 8 फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिसके प्रभाव से 9 से 11 फरवरी के बीच हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। 10 फरवरी को पूरे प्रदेश में बादल छाए रहने और व्यापक रूप से मौसम खराब रहने के आसार हैं। इसके साथ ही कई क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज के साथ बिजली चमकने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर ऊंचाई वाले और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को यात्रा के दौरान सावधानी बरतने को कहा गया है। आगामी बारिश और बर्फबारी से जहां एक ओर ठंड और बढ़ने की संभावना है, वहीं इससे किसानों और बागवानों को भी सतर्क रहने की जरूरत है। विभाग के अनुसार 12 फरवरी से पूरे प्रदेश में मौसम के साफ रहने और तापमान में धीरे-धीरे सुधार होने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
iice computer education

Most Popular

Recent Comments