समाधान भारत शिमला चंडीगढ़–मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बार फिर रफ्तार और लापरवाही ने जानलेवा रूप ले लिया। कुल्लू से करीब 10 किलोमीटर दूर बबेली क्षेत्र में आईटीबीपी परिसर के गेट के पास एक पर्यटक वाहन भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे पोल व पैरापिट से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में दिल्ली से घूमने आए तीन पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सोनिया (40), साक्षी (26) और मासूम देवीशा (5) के रूप में हुई है। वहीं, सचिन, साहिल और अनिका गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
यह भी पढ़े:-https://samadhaanbharat.com/rewardwas-arrested-he-was-wantedattackformer-congress-mla/
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया। एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन की तेज रफ्तार या नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सावधानी से वाहन चलाने की जरूरत को उजागर कर दिया है।



