समाधान भारत शिमला हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के पूर्व कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश देव दर्शन सूद के निधन से न्यायिक समुदाय में गहरा शोक व्याप्त है। उनके सम्मान में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने बुधवार को विशेष बैठक आयोजित की, जिसमें सर्वसम्मति से अदालती कार्यवाही को बंद रखने का निर्णय लिया गया। सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मंगलवार शाम पीजीआई में उन्होंने अंतिम सांस ली थी। बुधवार को उनका पार्थिव शरीर शिमला लाया गया, जहां कलनोग में उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। अंतिम संस्कार के दौरान न्यायपालिका और विधि समुदाय की बड़ी संख्या मौजूद रही।
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया सहित न्यायमूर्ति विवेक सिंह ठाकुर, अजय मोहन गोयल, संदीप शर्मा, सत्येन वैद्य, रंजन शर्मा, वीरेंद्र सिंह, बिपिन चंद्र नेगी, जिया लाल भारद्वाज और रोमेश वर्मा ने अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके अलावा प्रदेश सरकार के महाधिवक्ता अनूप रत्न, भारत सरकार की ओर से डिप्टी सॉलिसिटर जनरल बलराम शर्मा व कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने भी जस्टिस सूद के निधन को न्यायपालिका की अपूरणीय क्षति बताया। सभी ने उनके न्यायिक योगदान, सरल स्वभाव और उच्च नैतिक मूल्यों को याद करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।



