समाधान भारत शिमला:- हिमाचल प्रदेश के शिमला जनपद में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के नेरवा डिपो की एक यात्री बस नेरवा से पांवटा साहिब की ओर जा रही थी, तभी हरिपुर-कोटी-मीनस हाईवे पर क्वानू के पास यह बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई और नीचे बह रही नदी में जा समाई। इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक तीन यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे का शिकार हुई बस का पंजीकरण नंबर एचपी-66 ए-2588 है। जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई। बस में उस समय लगभग 31 से 34 यात्री सवार थे, जो अपने-अपने गंतव्यों की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संकरे और घुमावदार मार्ग पर पास देते समय बस का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन खाई में जा गिरा।
यह भी पढ़े:-https://samadhaanbharat.com/blacrevolutionaryhimachal-will-receivemountain-trail/
दुर्घटना की जानकारी सबसे पहले बस के परिचालक ने पुलिस को फोन के माध्यम से दी। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत एवं बचाव दल तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, फिर भी स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालने का प्रयास लगातार जारी है। थाना प्रभारी कालसी दीपक धारीवाल ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा रहा है। कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है। प्रशासन की ओर से घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी की जा रही है और उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में चालक दिनेश शर्मा और परिचालक जगदीश चंद तैनात थे। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है, जबकि स्थानीय लोग पहाड़ी सड़कों पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर चिंता जता रहे हैं।



