समाधान भारत शिमला :- हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में हुई व्यापक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण प्रदेशभर में ठंड एक बार फिर बढ़ गई है और मौसम का मिज़ाज पूरी तरह बदल गया है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान में 2 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई, जबकि कई स्थानों पर तापमान सामान्य से 3 से 7 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान भी 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जिससे ठिठुरन और बढ़ गई है। मनाली और मंडी में ठंडा दिन दर्ज किया गया है। आज राजधानी शिमला और आसपास के क्षेत्रों में हल्के बादलों के बीच धूप खिली रही, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली, हालांकि ठंड बरकरार रही।
यह भी पढ़े:-https://samadhaanbharat.com/relief-functionimunicipal-bodies-in-himachalsdm-will-do-work-worthlakh/
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कोठी, कल्पा, गोंदला, सांगला, खदराला, जोत, कुकुमसेरी, केलांग और मनाली में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है, जबकि निचले और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में भटियात, गोहर, सराहन, सुजानपुर टिहरा, तीसा, धर्मशाला, सलूणी, रामपुर, सियोबाग, मुरारी देवी, जोगिंद्रनगर, बग्गी, भुंतर, सुंदरनगर, घागस और पंडोह सहित कई स्थानों पर अच्छी बारिश हुई है। लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हुआ है और ठंड में इजाफा देखने को मिला है, वहीं किसान और बागवानों के लिए यह मौसम लाभकारी माना जा रहा है।



