समाधान भारत शिमला हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर बिगड़ने के संकेत दे रहा है। बीते दिनों हुई भारी बर्फबारी के बाद राज्य में हालात अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए हैं और अब मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान ने प्रशासन और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रदेश के कई इलाकों में अगले चार दिनों तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। भारी हिमपात के कारण मनाली-लेह, आनी-कुल्लू, भरमौर-पठानकोट और रामपुर-किन्नौर समेत चार राष्ट्रीय राजमार्ग बंद पड़े हैं, जबकि करीब 800 सड़कें अब भी यातायात के लिए बाधित हैं। सड़कें बंद होने से दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बर्फबारी का असर बिजली और पेयजल आपूर्ति पर भी साफ नजर आ रहा है। प्रदेश में करीब 3,000 बिजली ट्रांसफार्मर और 100 से अधिक पेयजल योजनाएं बंद पड़ी हैं। सबसे ज्यादा परेशानी मनाली क्षेत्र में देखने को मिल रही है, जहां शहर और आसपास के कई गांवों में 18 घंटे से अधिक समय से ब्लैकआउट जारी है। बिजली गुल होने के साथ ही पानी की सप्लाई भी पूरी तरह ठप हो गई है। होटल, रेस्टोरेंट और घरों में लोग भीषण ठंड के बीच बिना बिजली और पानी के गुजर-बसर करने को मजबूर हैं। खराब मौसम के चलते मनाली में आज भी शिक्षण संस्थान बंद रखे गए हैं, वहीं सैकड़ों पर्यटक अब भी यहां फंसे हुए हैं।
यह भी पढ़े:-https://samadhaanbharat.com/weather-deteriorates-agheavy-snowfall-inaltitude-areastrong-winds/
प्रदेश के सिरमौर जिले में आकाशीय बिजली गिरने की घटना भी सामने आई है, जिसमें एक महिला घायल हो गई, जबकि दो पशुओं की मौत हो गई। उधर, शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में आज मौसम साफ रहा और धूप खिली, जिससे सड़कों को खोलने और बिजली बहाल करने के कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। हालांकि, कुछ स्थानों पर हिमखंड गिरने की चेतावनी जारी की गई है, जिसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों की नहीं होगी। ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 30 जनवरी को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 31 जनवरी से 3 फरवरी तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। 1 फरवरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, वहीं 29 और 30 जनवरी को सुबह और शाम के समय कोहरे को लेकर भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों और पर्यटकों को अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



