समाधान भारत शिमला हिमाचल प्रदेश में मौसम फिलहाल साफ बना हुआ है और अधिकांश जिलों में दिन के समय धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजधानी शिमला सहित चंबा, कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना, सोलन और सिरमौर में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली है। हालांकि सुबह और रात के समय ठंड का असर अब भी बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को ऊंचाई वाले जिलों लाहौल और स्पीति, किन्नौर तथा कुल्लू के ऊपरी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है, जिससे सर्दी का प्रकोप जारी है। वहीं चंबा और कांगड़ा के कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में भी मौसम करवट ले सकता है।
यह भी पढ़े:-https://samadhaanbharat.com/political-activity-overlosepartyshimla-today/
प्रदेश में इस विंटर सीजन के दौरान सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल और स्पीति, मंडी, शिमला और सिरमौर में औसत से कम बारिश हुई है। दूसरी ओर बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और ऊना में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। कम बारिश के चलते किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ी हुई है। पर्यटन स्थलों पर साफ मौसम के चलते रौनक देखने को मिल रही है। कुल्लू और लाहौल-स्पीति के मार्गों पर आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 22 फरवरी तक अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का बदलाव संभव है। प्रशासन ने लोगों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी है।



