समाधान भारत शिमला हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। राज्य के कई भागों में आगामी दो दिनों के दौरान बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। राजधानी शिमला और इसके आसपास के इलाकों में मंगलवार सुबह से ही घने बादल छाए रहे, जिससे ठंड का प्रकोप और बढ़ गया है। ठंडी हवाओं और बादलों की आवाजाही के कारण लोगों को दिन में भी ठिठुरन महसूस हो रही है। प्रदेश में तापमान लगातार गिरता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 24 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के ताबो और कुकुमसेरी में तापमान शून्य से नीचे चला गया है, जिससे कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ऊंचाई वाले इलाकों में जमी हुई ठंड के कारण जनजीवन प्रभावित होने लगा है और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं।
यह भी पढ़े:-https://samadhaanbharat.com/major-change-in-patwdistrict-cadre-abolishedimplemented/
वहीं मैदानी और निचले क्षेत्रों में कोहरे ने परेशानी बढ़ा दी है। मंडी जिले में हल्का कोहरा दर्ज किया गया, जबकि बिलासपुर, सिरमौर और मंडी जिलों में घना कोहरा छाए रहने से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। जलाशयों और निचले इलाकों में सुबह और शाम के समय दृश्यता बेहद कम रहने के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई है। कई स्थानों पर वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर बेहद धीमी गति से सफर करना पड़ रहा है और कुछ मार्गों पर वाहन रेंग-रेंगकर चलते नजर आए। कोहरे के चलते सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है, जिससे प्रशासन और यातायात विभाग सतर्क हो गए हैं। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने 18 और 19 दिसंबर को जलाशयों से सटे जिलों में सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड और बढ़ने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से ठंड और कोहरे को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।



