समांधान भारत:-हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ़ इंडिया (SFI) के बीच तनाव बढ़ गया है। देर रात SFI की वॉल पेंटिंग पर काला रंग पोते जाने की घटना सामने आई, जिसके बाद परिसर में माहौल गरमाया हुआ है। SFI का आरोप है कि यह कार्रवाई ABVP कार्यकर्ताओं द्वारा की गई, जिसे संगठन ने लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला करार दिया है। SFI का कहना है कि उनकी विचारधारा और छात्र हितों से जुड़ी वॉल पेंटिंग को निशाना बनाना केवल दीवार पर हमला नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति, संवाद और विश्वविद्यालय की लोकतांत्रिक परंपरा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश है।
संगठन का आरोप है कि ABVP परिसर में असहिष्णुता और तनाव फैलाने की कोशिशें कर रही है। SFI ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि दोषियों पर सख्त अनुशासनात्मक कदम उठाए जाएं और परिसर की शैक्षणिक एवं लोकतांत्रिक वातावरण की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उधर, घटना ने विश्वविद्यालय परिसर में छात्र संगठनों के बीच राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है।



