समाधान भारत शिमला शिपकी-ला व्यापार को लेकर किन्नौर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में शिपकी-ला व्यापार प्राधिकरण से जुड़े विभागों और हितधारकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिपकी-ला–नमगिया क्षेत्र में सड़क संपर्क, सुरक्षा व्यवस्था, सीमा शुल्क, चिकित्सा एवं आपात सेवाएं, व्यापारियों के पंजीकरण तथा विभागीय समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान निर्णय लिया गया कि व्यापार से संबंधित पंजीकरण और अन्य औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा किया जाएगा।
उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की जाएगी। व्यापारियों का पंजीकरण तहसीलदार पूह द्वारा किया जाएगा और केवल सत्यापित व अनुमोदित व्यापारियों को ही व्यापार पास जारी किए जाएंगे। पंजीकरण के लिए पहचान पत्र, निवास प्रमाण पत्र, पूर्व व्यापार रिकॉर्ड (यदि उपलब्ध हो) और पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य होंगे। आयात-निर्यात केवल भारत सरकार द्वारा अधिसूचित वस्तुओं तक ही सीमित रहेगा। अधिसूचित सूची के अतिरिक्त किसी भी वस्तु को न तो सीमा पार ले जाने और न ही लाने की अनुमति होगी। सीमा शुल्क विभाग शिपकी-ला स्थित स्थानीय सीमा शुल्क स्टेशन पर आवश्यक स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करेगा तथा अधिसूचित आयात-निर्यात वस्तुओं की सूची का व्यापक प्रसार किया जाएगा। सीमा पर आवागमन के दौरान वस्तुओं की गहन जांच की जाएगी।



