समाधान भारत शिमला साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और अपराधी लोगों को फंसाने के लिए हर दिन नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। ताजा मामला हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को दुनिया के सबसे अमीर उद्योगपति और टेस्ला कंपनी के सीईओ एलन मस्क के नाम पर फोन कर लाखों रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया। ठगों ने खुद को अंतरराष्ट्रीय स्तर का कारोबारी बताकर पीड़ित को करोड़ों रुपये की नकदी, महंगे सोने और आकर्षक उपहार देने का लालच दिया, जिससे वह उनके झांसे में आ गया। पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित ने बताया कि 18 जुलाई 2025 को वह अपने मोबाइल फोन पर एक ऑनलाइन एप्लीकेशन ब्राउज कर रहा था, इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उसके मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। फोन करने वाले ने खुद को टेस्ला कंपनी का सीईओ एलन मस्क बताते हुए दावा किया कि कंपनी की ओर से एक नया टेस्ला मॉडल लॉन्च किया जा रहा है और चयनित लोगों को विशेष कैश पैकेज, करीब 23 मिलियन रुपये मूल्य का सोना और एक कीमती उपहार दिया जाएगा। इतने बड़े ऑफर के झांसे में आकर पीड़ित ने बिना किसी सत्यापन के उस व्यक्ति की बातों पर विश्वास कर लिया। ठगों ने भरोसा जीतने के लिए पीड़ित को कथित डिलीवरी टीम के नंबर उपलब्ध कराए और अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लगातार संपर्क बनाए रखा। कभी टेस्ला मॉडल की डिलीवरी, तो कभी कस्टम चार्ज और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर उससे बार-बार पैसे मांगे गए।
यह भी पढ़े:-https://samadhaanbharat.com/service-started-from-shimla-to-reckong-peo-and-kullscheme/
पीड़ित ने 2,000 रुपये से लेकर 25,000 रुपये तक की कई किस्तों में कुल 11 लाख 87 हजार 644 रुपये ठगों के बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद न तो कोई वाहन मिला और न ही कोई उपहार या सोना। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी कुछ हासिल नहीं हुआ और ठग लगातार और पैसों की मांग करते रहे, तब पीड़ित को अपने साथ हो रही धोखाधड़ी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस थाना छोटा शिमला में दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ-साथ आईटी एक्ट की धारा 66सी और 66डी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी शिमला संजीव कुमार गांधी ने बताया कि पुलिस इस साइबर ठगी के मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी बड़े इनाम, विदेशी हस्तियों या ऑनलाइन ऑफर से जुड़े फोन कॉल और मैसेज पर तुरंत भरोसा न करें, और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें।



