समाधान भारत शिमला हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण मौसम एक बार फिर बिगड़ने के आसार बन गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में अगले पांच दिनों तक बारिश होने की संभावना है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। लगातार जारी कड़ाके की ठंड ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। प्रदेश के 19 स्थानों पर रात का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है, जिनमें से पांच जगह तापमान शून्य और तीन स्थानों पर माइनस में दर्ज किया गया। पहाड़ी से लेकर मैदानी इलाकों तक शीतलहर का प्रभाव साफ तौर पर देखा जा रहा है। बिलासपुर, मंडी, हमीरपुर, कांगड़ा और ऊना जिलों में शीतलहर दर्ज की गई है, जबकि बिलासपुर, पांवटा साहिब और ऊना में घना कोहरा छाया रहा। राजधानी शिमला में भले ही न्यूनतम तापमान सामान्य से कुछ अधिक बना हुआ है, लेकिन जिले के अन्य क्षेत्रों में पारे में गिरावट दर्ज की गई है। ठंड के चलते सुबह और रात के समय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़े:-https://samadhaanbharat.com/housingnot-just-a-necessitysocial-rightchief-ministersingh-sukhu/
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 24 घंटों के बाद तापमान में और गिरावट आ सकती है और आगामी दो से तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जा सकती है। बारिश और बर्फबारी के साथ ठंड के और बढ़ने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, खासकर ऊंचाई वाले और ठंड प्रभावित क्षेत्रों में रहने वालों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।



