समाधान भारत शिमला हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बुधवार रात सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। चंबा–तीसा मार्ग पर गुणु नाला के पास एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। एसपी चंबा विजय सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें उनके परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वाहन अनियंत्रित कैसे हुआ।
यह भी पढ़े :-https://samadhaanbharat.com/renowned-pharma-companies-ready-to-inveshimachals-bulk-drugfirst-phasedecember/
वहीं, इसी रात पठानकोट–भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोथल पुल के समीप एक ऑल्टो कार भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई भी हताहत नहीं हुआ और वाहन में सवार लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हालांकि, कार को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल दोनों ही घटनाओं को लेकर पुलिस जांच जारी है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने पहाड़ी क्षेत्रों में वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।



