समाधान भारत शिमला हिमाचल प्रदेश इन दिनों भीषण शीतलहर की चपेट में है, जिससे प्रदेश भर में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के ताबो में इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान गिरकर माइनस 10.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि इससे एक दिन पहले यहां माइनस 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके अलावा प्रदेश के चार अन्य स्थानों पर भी न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चल रहा है। राजधानी शिमला समेत राज्य के कुल 22 स्थानों पर रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम रिकॉर्ड किया गया है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड और ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी रातें बेहद सर्द हो गई हैं। हालांकि, मंगलवार को शिमला सहित कई क्षेत्रों में दिन के समय धूप खिली रही, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। वहीं ऊना जिले के पहाड़ी इलाकों में सुबह तेज धूप देखने को मिली, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़े:https://samadhaanbharat.com/the-school-education-board-fixedextbookincreased/
इसी दौरान बंगाणा उपमंडल के बडूही बाजार में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब कश्मीर से मनाली की ओर जा रही गुजरात नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी अत्यधिक कोहरे के कारण तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी सीमेंट की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत यह रही कि गाड़ी में सवार सभी पांच लोग सुरक्षित बच गए। हादसे के समय वाहन के सभी एयरबैग खुल गए, जिससे किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। चालक ने बताया कि घने कोहरे के कारण मोड़ स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दिया, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। प्रशासन ने लोगों से ठंड और कोहरे को देखते हुए सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।



