समाधान भारत शिमला जनजातीय जिले की दुर्गम रूपी पंचायत में शुक्रवार सुबह एक बड़ी अग्निकांड की घटना ने पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मचा दी। पंचायत के नालिंग-2 गांव में स्थित बुधराम का दो मंजिला लकड़ी का मकान अचानक आग की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब पौने सात बजे मकान से धुआं उठता देख आग लगने का अंदेशा हुआ, लेकिन तब तक आग भयावह रूप ले चुकी थी। लकड़ी से निर्मित मकान होने के कारण लपटें तेजी से फैलती चली गईं और कुछ ही पलों में पूरा मकान आग की गिरफ्त में आ गया। घटना के समय मकान के अंदर एक युवक सो रहा था, जिसे आग की गर्मी और धुएं से नींद खुली। युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
यह भी पढ़े:https://samadhaanbharat.com/new-technology-will-boost-medical-researpatients-bilaspur/
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कोई खास सफलता नहीं मिल सकी। देखते ही देखते मकान के चार कमरे, जिनमें रसोईघर भी शामिल था, पूरी तरह जलकर राख में तब्दील हो गए। इस अग्निकांड में घर में रखा घरेलू सामान, अनाज, कपड़े और अन्य जरूरी वस्तुएं भी जलकर नष्ट हो गईं, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना संबंधित विभाग और प्रशासन को दी गई। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण राहत एवं अग्निशमन दल के पहुंचने में भी समय लगा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित परिवार को सहायता देने की बात कही जा रही है।



