समाधान भारत:शिमला| हिमाचल प्रदेश में एचआईवी संक्रमण को लेकर चिंताजनक आंकड़े सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में पुरुषों में एचआईवी संक्रमण की दर महिलाओं की तुलना में अधिक पाई गई है। वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में कुल 6,490 लोग एचआईवी के साथ जीवन व्यतीत कर रहे हैं। इनमें सबसे अधिक 1,722 मामले जिला कांगड़ा से दर्ज किए गए हैं। आंकड़ों से यह भी स्पष्ट हुआ है कि 31 से 45 वर्ष आयु वर्ग संक्रमण से सबसे अधिक प्रभावित है, और यह समूह कुल मामलों का लगभग 48.7 प्रतिशत हिस्सा है। प्रदेश में एचआईवी का पहला मामला 1990 के दशक में हमीरपुर जिले से सामने आया था, जिसके बाद से संक्रमण बढ़ता गया है।
यह भी पढ़े:-हिमाचल विधानसभा सत्र आज होगा हंगामेदार: प्रश्नकाल में फंड, भर्तियों और नीतियों पर टकराव के आसार।
स्वास्थ्य विभाग समय-समय पर जागरूकता अभियान तो चला रहा है, लेकिन नियमित जांच की कम संख्या के कारण संक्रमण की वास्तविक स्थिति का पूर्ण आकलन नहीं हो पाता। विभाग अब बड़े स्तर पर जांच और जागरूकता गतिविधियों को बढ़ाने की योजना बना रहा है। स्वास्थ्य अधिकारियों का मानना है कि प्रदेश में सूई से नशे का बढ़ता प्रचलन एचआईवी, हेपेटाइटिस बी और सी के मामलों में वृद्धि का एक प्रमुख कारण है। एक ही सूई का कई लोगों द्वारा इस्तेमाल किया जाना संक्रमण को तेजी से फैलाने वाला कारक बन रहा है। विभाग का कहना है कि इस खतरनाक प्रवृत्ति को रोकना और लोगों को सुरक्षित व्यवहार के प्रति जागरूक करना अब अत्यंत आवश्यक है।



